छात्र आंदोलन पर सलमान खान की अपील, बोले- शिक्षा के मुद्दे को राजनीति से दूर रखें
जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़ी हिंसा पर अभिनेता सलमान खान ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए गहरा दुख जताया है। सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में उन्होंने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण था, लेकिन इसका हिंसक रूप लेना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सलमान ने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर छात्रों का एकजुट होकर बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग करना सराहनीय है। उन्होंने छात्रों के साहस, मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि सरकार उनकी बात सुनेगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी।
सलमान खान ने यह भी कहा कि यह मुद्दा केवल छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में इच्छा जताई कि शिक्षा देश का सबसे बड़ा ट्रेंड बने और भारत भविष्य में वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में उभरे। वहीं, अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी छात्रों के समर्थन में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सलमान खान की पोस्ट को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया।