शाहरुख खान बने अपने पुराने दिल्ली वाले घर के इकलौते मालिक, 37 करोड़ में खरीदे बाकी फ्लोर
बॉलीवुड सुपरस्टार Shah Rukh Khan ने दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके पंचशील पार्क स्थित अपने पुराने घर की पूरी बिल्डिंग खरीद ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पास पहले से इस प्रॉपर्टी का बेसमेंट और पहला फ्लोर था, जबकि अब उन्होंने दूसरा और तीसरा फ्लोर भी करीब 37 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। इस खरीदारी के बाद पूरी बिल्डिंग का मालिकाना हक आधिकारिक तौर पर शाहरुख खान के पास आ गया है। यह प्रॉपर्टी लगभग 1,200 स्क्वायर यार्ड में फैली हुई है और दक्षिण दिल्ली के सबसे प्रीमियम रिहायशी इलाकों में गिनी जाती है।
यह घर शाहरुख और उनकी पत्नी Gauri Khan के लिए भावनात्मक रूप से बेहद खास माना जाता है। दोनों ने 1991 में शादी के बाद अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत इसी घर से की थी, जिसके बाद शाहरुख अपने फिल्मी करियर के लिए मुंबई चले गए। बताया जाता है कि इस घर के इंटीरियर को गौरी खान ने अपनी पसंद के अनुसार डिजाइन किया है। पुराने दिनों की यादों से जुड़े इस घर को पूरी तरह अपने नाम करना शाहरुख और गौरी के लिए एक खास उपलब्धि माना जा रहा है।