Patrakar Priyanshi Chaturvedi
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को रिलीज के तीन दिन बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा दिए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 2 जुलाई को ZEE5 पर रिलीज हुई थी, लेकिन 5 जुलाई को केंद्र सरकार के निर्देश पर इसे हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) नियम, 2021 के तहत सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए की गई। सरकारी सूत्रों के अनुसार, फिल्म पहले ‘पंजाब 95’ नाम से सेंसर प्रमाणन के लिए भेजी गई थी, लेकिन केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) द्वारा सुझाए गए 127 संशोधनों को स्वीकार नहीं किए जाने के कारण इसे प्रमाणपत्र नहीं मिला।
रिपोर्ट के अनुसार, बाद में फिल्म का नाम बदलकर ‘सतलुज’ रखा गया और इसे सीधे ओटीटी पर रिलीज कर दिया गया। चूंकि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली फिल्मों के लिए CBFC प्रमाणन अनिवार्य नहीं है, इसलिए मामला सरकार के संज्ञान में आने के बाद ZEE5 को फिल्म हटाने का निर्देश दिया गया। इस बीच फिल्म को हटाए जाने के फैसले का कई फिल्मी हस्तियों ने विरोध किया है। अनुराग कश्यप समेत कई लोगों ने फिल्म और उसके निर्माताओं का समर्थन किया है, जबकि सोशल मीडिया पर फिल्म की पायरेटेड कॉपियां लगातार साझा किए जाने की खबरें भी सामने आ रही हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |