पैपराजी पर भड़कीं नेहा धूपिया, बोलीं- 'बैक शॉट लेना और पोस्ट करना बंद करें'
नेहा धूपिया एक अवॉर्ड समारोह के दौरान पैपराजी पर नाराज हो गईं। कार्यक्रम से निकलते समय फोटोग्राफरों द्वारा उनकी तस्वीरें और वीडियो लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी कलाकार के "बैक शॉट" लेना और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करना गलत है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह व्यवहार बंद होना चाहिए और सभी की निजता का सम्मान किया जाना चाहिए।
नेहा ने कहा कि कलाकार मीडिया से सम्मानपूर्वक पेश आते हैं, इसलिए फोटोग्राफरों को भी मर्यादा का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैग उठाते या पीछे से चलते हुए वीडियो बनाना और उन्हें वायरल करना उचित नहीं है। हाल ही में उनका एक वीडियो, जिसमें वे सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल के साथ रनिंग करती नजर आई थीं, सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा था। उसमें भी कथित तौर पर पीछे से लिए गए शॉट्स का इस्तेमाल किया गया था।
यह मुद्दा पहले भी कई अभिनेत्रियां उठा चुकी हैं। मलाइका अरोड़ा ने एक कार्यक्रम के दौरान लगातार वीडियो बनाए जाने पर पैपराजी को फटकार लगाई थी। वहीं जान्हवी कपूर, नेहा शर्मा और मोना सिंह भी सार्वजनिक रूप से कह चुकी हैं कि गलत एंगल से तस्वीरें और वीडियो लेना न केवल निजता का उल्लंघन है, बल्कि महिलाओं के प्रति असम्मानजनक भी है।