बिना अनुमति विज्ञापन में नाम इस्तेमाल होने पर भड़के आर माधवन
R. Madhavan ने एक हेल्थकेयर ब्रांड को कानूनी नोटिस भेजा है। अभिनेता का आरोप है कि ब्रांड ने बिना अनुमति उनके इंटरव्यू का क्लिप और नाम इस्तेमाल कर ऐसा दिखाने की कोशिश की, मानो वे उस प्रोडक्ट का प्रचार कर रहे हों। माधवन ने इंस्टाग्राम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी के इंटरव्यू को उठाकर उसे एंडोर्समेंट की तरह इस्तेमाल करना बेहद शर्मनाक और भ्रामक है।
माधवन ने लोगों को सावधान रहने की सलाह देते हुए लिखा कि इस तरह के विज्ञापन जनता को गुमराह कर सकते हैं। जिस रील पर विवाद हुआ, उसमें अभिनेता के 21 दिनों में वजन कम करने वाले इंटरव्यू का हिस्सा दिखाया गया था। इसके बाद एक व्यक्ति खुद को डॉक्टर बताते हुए उनके ट्रांसफॉर्मेशन और कथित इलाज की चर्चा करता नजर आया। अभिनेता ने साफ किया कि उन्होंने किसी भी तरह का प्रमोशन या साझेदारी नहीं की है।
बताया जा रहा है कि उसी इंस्टाग्राम अकाउंट ने Karan Johar और Ram Kapoor के इंटरव्यू क्लिप भी इस्तेमाल किए हैं। फिलहाल संबंधित ब्रांड की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, आर माधवन अपनी आने वाली फिल्मों ‘G.D.N’, ‘Adhirshtasaali’ और ‘Circle’ को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं।