हेमा मालिनी धर्मेंद्र को याद कर भावुक, बोलीं- क्या वो सच में चले गए
बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र के निधन को आज दो महीने पूरे हो गए हैं और उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी अब भी उन्हें याद कर भावुक हो उठती हैं। वैरायटी इंडिया से बातचीत में हेमा ने कहा कि उन्हें आज भी यकीन नहीं होता कि धर्मेंद्र उनके साथ नहीं हैं। उन्होंने धर्मेंद्र के बाफ्टा अवॉर्ड में स्पेशल ट्रिब्यूट को "दिल को छू लेने वाला" बताया और याद किया कि कैसे उनकी लोकप्रियता भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में फैली हुई थी।
हेमा ने यह भी साझा किया कि दोनों के करियर के चरम दौर में एक-दूसरे के लिए समय निकालना मुश्किल था। उन्होंने बताया, "हम शूटिंग के अलावा ज्यादा साथ ट्रैवल नहीं कर पाते थे। इसलिए हमने जानबूझकर कई फिल्में एक साथ साइन कीं, ताकि काम के बहाने ही सही, साथ में समय बिताने का मौका मिले।" उनका यह खुलासा उनकी निजी जिंदगी और प्रेम को और करीब से दर्शाता है।
धर्मेंद्र के जाने के बाद हेमा उनकी कमी हर पल महसूस करती हैं। उन्होंने कहा, "मुझे हर मिनट उनकी कमी महसूस होती है। मैं अक्सर खुद से पूछती रहती हूं कि क्या वह वाकई चले गए? मैं उनसे दोबारा कब मिलूंगी?" उन्होंने धर्मेंद्र की पसंदीदा फिल्मों में 'चुपके-चुपके' और 'शोले' का नाम लिया और बताया कि अब वह एक-एक करके उनकी सारी फिल्में देखना चाहती हैं।