डोजा कैट का धमाका: ‘धुरंधर 2’ में शामिल हुआ इंटरनेशनल स्टार का गाना
फिल्म ‘धुरंधर 2’ का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ और फैंस का ध्यान डोजा कैट के गाने ‘आह मैन (AAAHH MEN)’ पर गया। मेकर्स ने भी पुष्टि की कि फिल्म में उनका यह गाना शामिल है। अमेरिका की पॉपुलर सिंगर, रैपर और सॉन्गराइटर डोजा कैट का असली नाम अमाला रत्ना जैंडिले डलामिनी है। लॉस एंजेल्स में जन्मी डोजा ने मात्र 16 साल की उम्र में म्यूजिक बनाना शुरू किया और आज वे पॉप म्यूजिक की दुनिया में सबसे चर्चित नामों में शुमार हैं।
डोजा कैट को ग्रैमी अवॉर्ड समेत कई प्रतिष्ठित म्यूजिक अवॉर्ड्स मिल चुके हैं। उनके करियर में छह बिलबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड, पांच अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड और छह एमटीवी वीडियो म्यूजिक अवॉर्ड शामिल हैं। इसके अलावा बीएमआई पॉप म्यूजिक अवॉर्ड्स में उन्हें ‘सॉन्गराइटर ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड भी मिला। बिलबोर्ड म्यूजिक चार्ट ने उन्हें 2025 में ‘21वीं सदी की टॉप 100 वुमन आर्टिस्ट’ में 24वें स्थान पर रखा।
डोजा कैट के गानों की बात करें तो ‘से सो’, ‘किस मी मोर’, ‘पेंट द टाउन रेड’, ‘वुमन’, ‘स्ट्रीट्स’ और ‘एगोरा हिल्स’ जैसे गाने सोशल मीडिया और म्यूजिक चार्ट्स पर सुपरहिट रहे हैं। उनके इंस्टाग्राम पर लगभग 24 मिलियन फॉलोअर्स हैं और वे दुनिया भर में म्यूजिक टूर करती रहती हैं। भारत में भी विशेष रूप से जेनरेशन Z उनके गानों को बेहद पसंद करती है।