रिलीज से पहले विवादों में मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडित’, यूजर्स ने किया टाइटल बदलने का दावा
मनोज बाजपेयी जल्द ही फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ में नजर आने वाले हैं। हाल ही में इस फिल्म का टीजर रिलीज किया गया, जिसमें वह भ्रष्ट पुलिस ऑफिसर सीनियर इंस्पेक्टर अजय दीक्षित के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म के मुताबिक अजय दीक्षित दिल्ली में “पंडित” नाम से मशहूर हैं और 20 साल पहले पुलिस फोर्स में भर्ती हुए थे। टीजर के रिलीज होते ही फिल्म के नाम को लेकर विवाद शुरू हो गया।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने फिल्म के टाइटल को जातिवादी और किसी विशेष बिरादरी को निशाना बनाने वाला बताया। लोगों ने मेकर्स से नाम बदलने की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर टाइटल नहीं बदला गया तो वे फिल्म का बॉयकॉट करेंगे। कुछ यूजर्स ने लिखा, “घूसखोर लिख देता तो क्या होता?” तो किसी ने कहा, “नेटफ्लिक्स क्या आप पागल हो गए हो? समाज के एक तबके को नीचा दिखाने के लिए ऐसे नाम का इस्तेमाल क्यों?”
फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, श्रद्धा दास और किकू शारदा भी हैं। रितेश शाह के निर्रेशन में बनी यह फिल्म 2026 के प्रोजेक्ट्स में शामिल है, लेकिन इसकी रिलीज डेट अभी तय नहीं हुई है।