ग्रैमी अवॉर्ड्स में कलाकारों ने ट्रंप की इमीग्रेशन पॉलिसी का विरोध किया
68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में संगीत जगत के कई दिग्गज कलाकार शामिल हुए। अमेरिका के लॉस एंजेल्स में आयोजित इस अवॉर्ड फंक्शन में बैड बनी, केंड्रिक लैमर, बिली एलिश, लेडी गागा और क्रिस स्टैपलेटन जैसे कलाकारों ने अपनी जीत का जश्न मनाते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इमीग्रेशन पॉलिसी के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।
रैपर केंड्रिक लैमर ने कहा, “हमें सरकार नहीं चलाती है, हमें भगवान चलाते हैं। हमें एक-दूसरे की जरूरत है और हम आगे बढ़ सकते हैं।” बिली एलिश ने कहा, “चोरी की जमीन पर कोई अवैध प्रवासी नहीं होता। हमें लड़ते रहना होगा और बोलते रहना होगा।” वहीं बैड बनी ने कहा, “हम इंसान हैं, नफरत से ज्यादा ताकतवर सिर्फ प्यार है। अगर हम लड़ते हैं, तो हमें प्यार से लड़ना होगा।”
सिंगर-एक्ट्रेस ग्लोरिया एस्टेफन ने भी ट्रंप की नीति का विरोध किया और कहा, “जो हो रहा है, वह अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं है। ये लोग परिवार के साथ हैं और अमेरिका को आगे बढ़ाने में योगदान कर रहे हैं। छोटे बच्चे डिटेंशन सेंटर्स में हैं। हमें उम्मीद है कि सरकार मानवता की आवाज सुनेगी।”