Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर शनिवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। जिस वक्त यह वारदात हुई, उस समय रोहित शेट्टी घर पर ही मौजूद थे। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही जुहू पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी पैदल चलते हुए फायरिंग करता नजर आ रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावर बाइक से इलाके में आया, कुछ दूरी पर बाइक खड़ी की और पैदल शेट्टी टावर तक पहुंचा। फायरिंग के बाद वह फरार हो गया। इस केस की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की 12 टीमें बनाई गई हैं और गैंगस्टर लिंक की आशंका को ध्यान में रखकर हर एंगल से जांच की जा रही है।
क्राइम ब्रांच ने इस मामले में रोहित शेट्टी का बयान भी दर्ज किया है और उनसे संभावित धमकियों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना का कोई संबंध पहले सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग जैसी घटनाओं से है, क्योंकि दोनों मामलों का तरीका मिलता-जुलता बताया जा रहा है। फिलहाल बिश्नोई गैंग से जुड़ाव का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, लेकिन फोरेंसिक रिपोर्ट और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |