
Dakhal News

नाम व्यक्ति की पहचान होता है, जिससे सभी उसे पुकारते हैं। बॉलीवुड में बड़ी संख्या में ऐसे स्टार्स हैं, जिन्होंने फिल्मी करियर की शुरुआत करने से पहले अपना नाम बदला। खास बात यह है कि आज उनकी पहचान बदले हुए नाम से ही देश और दुनिया में है। आइए जानते हैं, फिल्म इंडस्ट्री के किन पॉपुलर सितारों ने अपना नाम बदला।
बॉलीवुड में नाम बदलने की परंपरा काफी पुरानी है। कई अभिनेता और अभिनेत्रियां सिल्वर स्क्रीन पर सफलता पाने के लिए अलग-अलग कारणों से अपना नाम बदलते रहे हैं। आज के समय में इन फिल्मी सितारों की तरक्की को देखकर कहा जा सकता है कि उन्हें नाम बदलने का फायदा मिला है।
सिंघम फेम एक्टर अजय देवगन का असली नाम विशाल वीरू देवगन था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर न्यूमरोलॉजी में विश्वास करते हैं। यही कारण है कि उन्होंने फिल्मी पर्दे पर डेब्यू करने से पहले अपना नाम बदलकर अजय देवगन कर लिया। नाम बदलने के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में एक के बाद एक सुपरहिट फिल्में दी।
फिल्मों में दमदार किरदारों की भूमिका अदा करने के लिए अभिनेता सनी देओल को जाना जाता है। दुनियाभर में उन्हें इसी नाम से जाना जाता है, लेकिन गदर एक्टर का असल नाम अजय सिंह देओल है। बचपन में उन्हें सनी नाम से ही पुकारा जाता था। यही कारण रहा, जब उन्होंने बेताब से साल 1983 में फिल्मी करियर की शुरुआत की तो अपना नाम सनी देओल रख लिया।
अक्षय कुमार के नाम बदलने से जुड़ा किस्सा साल 1987 में आई फिल्म आज से जुड़ा हुआ है। इस मूवी में राज बब्बर, स्मिता पाटिल और राज गौरव ने अहम किरदारों की भूमिका निभाई थी। इसी फिल्म में खिलाड़ी कुमार ने भी एक छोटा सा रोल किया था। अभिनेता को कुमार गौरव के किरदार अक्षय का नाम पसंद आ गया। इसके बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर अक्षय कुमार कर लिया। वैसे उनका असल नाम राजीव हरीओम भाटिया है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने सलमान खान की सलाह पर अपना नाम बदला था। उन्होंने साल 2014 में आई फिल्म फुगली से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया था। उस समय आलिया भट्ट फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं। कियारा का असल नाम आलिया था। इस वजह से उन्होंने अपना नाम बदलने का फैसला लिया था। हालांकि, इंस्टाग्राम पर उनका यूजरनेम अभी भी कियारा आलिया आडवाणी है।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |