
Dakhal News

भोपाल। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष को हम संगठन पर्व के रूप में मना रहे है। ठाकरे जी का पूरा जीवन संगठन विस्तार के लिए समर्पित रहा। संगठन पर्व के अंतर्गत मोर्चा, प्रकोष्ठ प्रभावी कार्यक्रम आयोजित करें। पार्टी के विस्तार और विचारधारा को बढाने में प्रवास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आपके प्रवास से संगठन को लाभ होगा, वहीं आपका विकास और नेतृत्व क्षमता बढेगी।
यह बात शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के मोर्चा, प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कही। उन्होंने कहा कि अगर मोर्चा, प्रकोष्ठ को प्रभावी बनाना है तो अधिक से अधिक प्रवास करें। प्रदेश प्रभारी ने सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज में भारतीय जनता पार्टी की लगातार स्वीकार्यता और विश्वास बढा है। पार्टी ने 10 प्रतिशत वोट शेयर बढाने का जो लक्ष्य लिया है उसमें मोर्चा, प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका है। समाज के हर क्षेत्र, हर वर्ग में मोर्चा, प्रकोष्ठ का काम है। सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ अपने लक्ष्य तय कर काम करें।
हितग्राहियों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाएं: शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोर्चा और प्रकोष्ठ का कार्य क्षेत्र बड़ा है। समाज के हर क्षेत्र में इनका काम है। भाजपा की सरकार ने हर वर्ग के लिए योजना चलायी है। चाहे महिलाओं की बात हो, युवाओं की बात हो या किसानों की, अलग अलग योजनाओं के माध्यम से जनता तक लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार के इन कामों को मोर्चा, प्रकोष्ठ के माध्यम से जनता के बीच ले जाएं और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़े। आपके काम से पार्टी का विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 43 लाख लाडली लक्ष्मी बेटियां है। महिला मोर्चा कार्ययोजना बनाकर लाडली लक्ष्मी हितग्राहियों के परिवारों को जोडे। हमने महिला सशक्तिकरण करने के लिए स्वसहायता समूहों को आर्थिक तौर पर मजबूत करने का काम किया है। मोर्चा स्वसहायता समूह की बहनों को भी जोड़े। इसी प्रकार हर मोर्चा और प्रकोष्ठ समाज के अलग अलग वर्गों को जोड़ने का काम करें। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक गठन कर योजनाओं के हितग्राहियों को जोड़ने का अभियान चलाए।
भाजपा को सर्वव्यापी बनाने में मोर्चा, प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिकाः शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी देश ही नहीं विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक संगठन बना है। आज हमारी ताकत लगातार बढी है। पार्टी की इस ताकत के पीछे मोर्चा, प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका है। मोर्चा, प्रकोष्ठ के माध्यम से पार्टी समाज के सभी वर्गो और सभी क्षेत्रों में पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का कार्य कर रही है। सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी भाजपा बनाने में अगर किसी की भूमिका है तो वह मोर्चा, प्रकोष्ठ है।
उन्होंने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष में हम संगठन के विस्तार और कार्य के सुदृढ़ीकरण के लिए काम कर रहे है। मोर्चा, प्रकोष्ठ अपने कार्य तय कर कार्यक्रमों का रोडमैप बनाएं और संगठन विस्तार के काम में जुट जाएं। हमारा काम और प्रभावी हो इसके लिए पदाधिकारी अधिक से अधिक प्रवास करें।
सरकार की हर योजना मोर्चा, प्रकोष्ठ के कार्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण : हितानंद
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि मोर्चा और प्रकोष्ठ की संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका है। हर मोर्चा और प्रकोष्ठ का अपना काम है। सरकार की योजना मोर्चा, प्रकोष्ठ के कार्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष में मोर्चा, प्रकोष्ठ अलग कार्ययोजनाएं बनाएं। साथ ही संगठन के आगामी कार्यक्रमों को नीचे तक ले जाएं।
उन्होंने बताया कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण हो रहे है। इस दिन प्रदेश भर में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के आयोजन होंगे। उन्होंने बताया कि मई, जून एवं जुलाई माह में बूथ सशक्तिकरण का अभियान चलेगा। 20 मई को जयपुर में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक है। उसके बाद प्रदेश कार्यसमिति, जिला कार्यसमिति एवं मंडल कार्यसमिति संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटें। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |