Patrakar Priyanshi Chaturvedi
ग्वालियर। उत्तर भारत में बार-बार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ग्वालियर-चम्बल अंचल के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को ग्वालियर शहर में 12 दिन बाद अधिकतम तापमान लुढ़क कर 41 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। इससे पहले 22 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानी इसके पीछे बीते बुधवार को भिण्ड सहित दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, पूर्वी मध्यप्रदेश के चुनिंदा क्षेत्रों में आंधी के साथ हुई बारिश का असर बता रहे हैं। मौसम विज्ञानियों का पूर्वानुमान है कि आगामी तीन से चार दिन तक तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही टिका रहेगा।
ग्वालियर में पिछले पांच दिनों से बादलों की आवा-जाही के चलते तापमान ऊपर-नीचे हो रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को आसमान में जहां आंशिक बादल छाए रहे वहीं हवाएं मंद गति से चलीं। इस कारण आज सूरज के तेवर कुछ नरम नजर आए। हालांकि उमस भरी गर्मी शहरवासियों को परेशान करती रही। स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ और पंजाब और उससे सटे मध्य पाकिस्तान में प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। पंजाब में मौजूद चक्रवात से पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दक्षिणी असम होते हुए मणिपुर तक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी एक चक्रवात सक्रिय है। इन चार मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बुधवार को भिण्ड में आंधी-बारिश के साथ जहां ओलावृष्टि हुई वहीं दिल्ली सहित पंजाब, उत्तर प्रदेश के चुनिंदा इलाकों में भी आंधी के साथ बारिश हुई। इसी कारण ग्वालियर में आज तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी आठ से नौ मई तक तापमान में ज्यादा उलटफेर की संभावना नहीं है।
फिलहाल अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही दर्ज होगा। इस दौरान अत्यधिक गर्मी और लू से राहत मिलेगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा गुरुवार को अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 3.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |