Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मशहूर सिंगर मिका सिंह ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में अपने घर से पैसा और सोना चोरी होने का मामला दर्ज कराया है। मुंबई पुलिस मामला दर्ज़ कर आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक मिका सिंह के यहां लगभग 3 लाख रुपए की चोरी हुई है।
जानकारी के मुताबिक मिका सिंह के मैनेजर ने पुलिस स्टेशन में जाकर इस बाबत मामला दर्ज़ कराया है। घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। इसके साथ ही घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी खंगालने में भी जुटी है। ख़बर है कि सीसीटीवी फुटेज में मिका सिंह के घर पर एक व्यक्ति आते-जाते दिख रहा है। इस दिशा में जांच की जा रही है कि वो व्यक्ति कौन था? बता दें कि इस चोरी का आरोप एक पियानो आर्टिस्ट पर लगा है जो पिछले 14 सालों से मिका सिंह के साथ काम कर रहा है। कहा जा रहा है कि वो मिका से मिलने के बहाने घर में आया था।
‘सुबह होना ना दें' और 'आज की पार्टी' जैसे कई पॉपुलर गानें गा चुके सिंगर मिका सिंह 20 साल से मनोरंजन जगत से जुड़े हुए हैं। मिका सिंह के अधिकतर गाने सुपर स्टार सलमान ख़ान पर ही फिल्माए गए हैं। मिका की जबरदस्त फैन फॉलोइंग भी है। वो ना सिर्फ बॉलीवुड में बल्कि पंजाबी सिनेमा में भी खासे लोकप्रिय हैं। भले ही मिका, सिंगर दलेर मेहंदी के छोटे भाई हो लेकिन उन्होंने अपना एक अलग मुकाम बनाया है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |