बलोचिस्तान असेंबली के पास हुआ विस्फोट, 6 की मौत
बलूचिस्तान प्रांत

 

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की असेंबली के पास मंगलवार को आत्मघाती हमले में चार पुलिसकर्मियों सहित छह लोगों की मौत हो गई। 18 लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने ली है। धमाके के कुछ घंटे पहले ही राजनीतिक अस्थिरता के कारण प्रांत के मुख्यमंत्री सनाउल्ला जहीरी ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। असेंबली के सत्र के मद्देनजर इस इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार एक आत्मघाती हमलावर क्वेटा के उच्च सुरक्षा वाले रेड जोन इलाके जरघून रोड में फ्रंटियर कांस्टेबुलरी ट्रक में घुस गया और विस्फोट कर दिया। विस्फोटस्थल प्रांतीय असेंबली की इमारत से मात्र 300 मीटर ही दूर है।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सनाउल्ला जहीरी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए मंगलवार को असेंबली का विशेष अधिवेशन बुलाया गया था, लेकिन उनके इस्तीफे के बाद इसे टाल दिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "साफतौर पर यह आतंकी घटना है, लेकिन हम अभी यह पता लगा रहे हैं कि क्या यह आत्मघाती हमला ही था?"

क्वेटा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फारूक अतीक ने इस बात की पुष्टि की कि पुलिस वाहन को निशाना बनाकर धमाका किया गया था। उनका कहना है कि चूंकि बचाव अभियान अभी चल रहा है, इसलिए हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। अस्पताल के सूत्रों ने भी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। 

 

Dakhal News 10 January 2018

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.