मध्यप्रदेश ने निवेश के लिये सिंगल टेबल कान्‍सेप्ट
मध्यप्रदेश ने निवेश के लिये सिंगल टेबल कान्‍सेप्ट

एमपी में पर्यटन में निवेश की अपार संभावनाएँ

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाओं के मद्देनजर सिंगल टेबल कान्सेप्ट को अपनाया गया है। हर सोमवार मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री द्वारा निवेशकों तथा उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर निवेश प्रस्तावों पर चर्चा कर त्वरित निर्णय लिये जाते हैं। चौहान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर  बैंगलुरु में सेमीनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उद्योगपतियों एवं कम्पनियों के पदाधिकारियों को इंदौर में आगामी 22-23 अक्टूबर को होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिये आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने निवेश संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएँ हैं। इसके लिये पर्यटन केबिनेट बनायी गयी है। मध्यप्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हर प्रदेश प्रगति करे, इसके लिये स्पर्धा हो रही है। प्रदेश आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा। मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा। अब यह तेजी से विकासशील राज्य बनकर कई क्षेत्र में अग्रणी है। प्रदेश में निवेश के लिये बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सबसे अच्छी है। प्रदेश में एक समय चम्बल क्षेत्र में जहाँ बीहड़ वन थे, आज वे औद्योगिक क्षेत्र के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा पहला राज्य है, जिसने सबसे पहले रिवर लिंकिंग प्रोजेक्ट पूरा किया है। नर्मदा को क्षिप्रा से लिंक किया गया है।  चौहान ने कहा कि केवल खेती ही सबका पेट नहीं भर सकती, इसलिये राज्य सरकार उद्योगों पर ज्यादा ध्यान दे रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मुहैया करवाया जा सके। युवाओं को उद्यमी बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से 10 लाख से एक करोड़ रूपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्हें 15 प्रतिशत का अनुदान दिया जाता है और पाँच वर्ष के लिये ब्याज में 5 प्रतिशत सबसिडी दी जा रही है। प्रदेश में 100 करोड़ रूपये का वेंचर केपिटल फंड बनाया गया है। निवेशकों की सुविधा के लिये नीतियों में परिवर्तन किया गया है तथा सिंगल विण्डो प्रणाली शुरू की गयी है। लोक सेवा प्रदाय गारंटी कानून बनाया गया है। इसमें विभिन्न सेवाओं के प्रदान करने की समय-सीमा तय की गयी है। इसमें देरी होने पर दण्ड का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में उद्योग उन्मुखी वातावरण होने का कारण ही आज पंजाब की टेक्सटाइल इण्डस्ट्री मध्यप्रदेश की ओर रूख कर रही है।

मुख्यमंत्री  चौहान ने उद्योगपतियों एवं कम्पनियों के पदाधिकारियों से प्रदेश में निवेश करने और उद्योग लगाने का आव्हान किया।इस अवसर पर उद्योग मंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिये बेहतर माहौल है। मुख्य सचिव  अंटोनी डिसा, प्रमुख सचिव उद्योग मोहम्मद सुलेमान ने प्रदेश की औद्योगिक नीति की जानकारी दी।

इस दौरान लेप्प इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर मार्क जारॉर्ट, माइण्ड ट्री के एक्जीक्यूटिव चेयरमेन  कृष्ण कुमार नटराजन, ग्रुप ऑफ गारमेंट मेन्युफेक्चर्स वर्धमान ग्रुप के को-ऑर्डिनेटर  मुकेश बंसल, मयूर यूनीक्वॉटर के चेयरमेन  सुरेश के. पोड्डर, को-ऑर्डिनेटर  स्वप्निल व्यास, एमेजॉन सेलर सर्विस के डायरेक्टर  अविनाश रामाचन्द्रा, स्माइल सिक्यूरिटी एण्ड सर्विलेंस के मैनेजिंग डायरेक्टर  राहुल गुप्ता, वाल्वो इंडिया के एम.डी.  कमल बाली, ए.बी.बी. के एम.डी.  संजीव शर्मा सहित अन्य कम्पनी़, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Dakhal News 22 September 2016

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.