विद्यासागर जी के नाम पर भोपाल में होगी एक कालोनी, एक सड़क
vidhyasagar ji maharaj
 
आचार्यश्री के चातुर्मास को स्थाई बनाने महापौर की पहल
रवीन्द्र जैन 
 
भोपाल के महापौर आलोक शर्मा इस बात से बहुत प्रसन्न है कि उनके कार्यकाल में दुनिया के सबसे बड़े संत आचार्य विद्यासागर जी महाराज भोपाल पधारे हैं और यहां चातुर्मास कर रहे हैं। इस चातुर्मास को स्थाई बनाने के लिए आलोक शर्मा भोपाल के एक कालोनी और एक सड़क का नाम आचार्य विद्यासागर जी के नाम पर रखने पर भी विचार कर रहे हैं। इस संबंध में उनकी जैन समाज की प्रतिनिधियों से चर्चा चल रही है। वे मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद इसे अंतिम रूप देंगे। 
 
आचार्य विद्यासागर जी महाराज के दर्शन करने लोगों का तांता लगा हुआ है। रविवार को कलश स्थापना समारोह में 50 हजार से अधिक लोग भोपाल पहुंचे थे। इस समारोह में 9 श्रावकों को आचार्यश्री के चातुर्मास कलश की स्थापना का सौभाग्य मिला। इस अवसर पर आचार्य विद्यासागर जी महाराज ने कहा कि भोपाल का अर्थ है कि जो रक्षा करे अर्थात यहां रहने वालों को अपनी संस्कृति और संस्कारों की रक्षा करना चाहिए। सोमवार को भी हबीबगंज जैन मंदिर में आचार्यश्री की संगीतमय पूजन के बाद उन्होंने अपने आर्शीवचन में कहा कि हमारा चातुर्मास चार माह में हो जाएगा और यहां से गमन भी हो जाएगा,लेकिन आपको इस चातुर्मास का पूरा लाभ लेना चाहिए। जीवन के रहस्यों को समझने के लिए स्वयं और पर का भेद समझना चाहिए। आप स्व कल्याण की और बढ़ते हैं तो आपके चातुर्मास का श्रीगणेश होगा। हम चले जाएंगे आपका चातुर्मास चलता रहेगा।  सोमवार को आचार्यश्री की आहारचर्या  ब्रह्मचारी जयकुमार जैन, जितेन्द्र जैन, सतीष जैन के चौके में हुई। इस परिवार ने रविवार को आचार्यश्री के चातुर्मास का प्रथम कलश स्थापित करने का सौभाग्य प्राप्त किया था। 
 
महापौर के प्रयास
महापौर आलोक शर्मा लगातार आचार्य विद्यासागर जी महाराज के संपर्क में है और लगभग प्रतिदिन उनके दर्शन करने और उनसे आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने हबीबगंज जैन मंदिर के आसपास सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम से दो करोड़ रुपए स्वीकृत कर दिए हैं। अब वे जैन समाज की संस्था दिगम्बर जैन सोश्यल ग्रुप रेलवे स्टेशन मध्य रीजन और दिगम्बर जैन मुनिसंघ सेवा समिति के पदाधिकारियों के आग्रह पर भोपाल की प्रोफेसर कालोनी जिसे विद्या विहार के नाम से भी जाना जाता है का नाम आचार्य विद्यासागर कालोनी करने एवं पोलिटेक्निक चौराहे से डीपो चौराहे तक बनने वाली सिक्स लेन रोड का नाम आचार्य विद्यासागर मार्ग रखने पर विचार कर रहे हैं। आलोक शर्मा ने अग्निबाण से चर्चा में बताया कि इस संबंध में वे पहले मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। इसके बाद नगर निगम परिषद की बैठक में प्रस्ताव लाएंगे। शर्मा का कहना है कि आचार्य विद्यासागर महाराज का भोपाल में चातुर्मास इस सदी की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखता हूं। 
 
इन्हें मिला कलश स्थापना का सौभाग्य
आचार्य विद्यासागर जी महाराज के चातुर्मास कलश की स्थापना रविवार को हुई जिन लोगों को चातुर्मास कलश स्थापित करने का सौभाग्य मिला। इनमें   प्रथम कलश ब्रह्मचारी जयकुमार जैन, दूसरा कलश प्रवीण जैन (गाजियाबाद), तीसरा कलश प्रेमचंद जैन (बड़े बाबा कलेक्शन),चौथा कलश नील जैन नीलेश (भोपाल), पांचवा कलश डॉ.सुभाष शाह ( मुंबई), छठा कलश जीके जैन (इंदौर), सातवा कलश जयेश भाई (मुंबई), आठवा कलश प्रभात जैन (मुंबई), नौवा कलश अशोक पाटनी (किशनगढ़) को स्थापित करने का सौभाग्य मिला। रविवार को आचार्यश्री का पाद प्रच्छालन डॉ. राजेश जैन एवं अशोक पाटनी ने किया। रविवार की बोलियों में लगभग दस करोड़ रुपए की दान स्वीकृतियां प्राप्त हुई हैं। इनमें इस राशि का उपयोग हबीबगंज जैन मंदिर में बनने वाले त्रिकाल चौबीसी और सहस्रकूट जिनालय एवं छात्रावास व संत निवास के निर्माण में किया जाएगा। 
Dakhal News 25 July 2016

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.