कालिदास पूरे देश का गौरव
kaptan singh solanki

हरियाणा के राज्यपाल श्री सोलंकी द्वारा कालिदास समारोह का समापन 

हरियाणा के राज्यपाल श्री कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा है कि कालिदास पूरे देश का गौरव हैं। उज्जैन नगरी से पूरे विश्व को संस्कृति का सन्देश मिलता है। उज्जैन की महिमा का वर्णन नहीं किया जा सकता। यह पवित्र नगरी तो है ही, लेकिन देश-विदेश की संस्कृति की परिचायक भी है। राज्यपाल श्री सोलंकी  उज्जैन में कालिदास समारोह के समापन अवसर पर बोल रहे थे।

राज्यपाल श्री सोलंकी ने कहा कि संस्कृति के दर्शन करना हो, तो उज्जैन आकर रहें। कालिदास ने महाकाव्य रघुवंशम् लिखा। यह आज भी सटीक है। राज्य और प्रजा के सम्बन्ध कैसे होते हैं, इसके बारे में लिखते हुए महाकवि कालिदास कहते हैं कि आदर्श राजा के लिये प्रजा सन्तान जैसी होती है, वह उसका पूरा ध्यान रखता है। किसी राजा के राज्य में यदि प्रजा दु:खी होती है तो वह राजा दण्ड का भागी होता है। आज हम जिस गुड गवर्नेंस की बात कहते हैं, उसका विषद चित्रण कालिदास ने अपने महाकाव्य में किया है। राज्यपाल ने कहा कि महाकवि कालिदास को प्रासंगिक बनाने के लिये और उनके विचारों का क्रियान्वयन करने के लिये कालिदास समारोह का आयोजन कर निश्चित रूप से प्रशंसा का कार्य किया जा रहा है।

संस्कृत विद्वान श्री कमलेशदत्त त्रिपाठी ने कहा कि महाकवि कालिदास राष्ट्रकवि थे तथा कालिदास समारोह राष्ट्रीय पर्व है। समारोह के राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्वरूप को पुन: स्थापित किया जाना चाहिये। कालिदास के साहित्य में सांस्कृतिक एकता, विश्व बंधुत्व तथा विश्व एकात्मता का सन्देश मिलता है। कालिदास समारोह के माध्यम से इसे समूचे विश्व में पहुँचाया जाना चाहिये। स्वागत भाषण प्रभारी कुलपति श्री एच.पी.सिंह ने दिया।

कार्यक्रम में विधायक डॉ.मोहन यादव,  बहादुरसिंह चौहान,  अनिल फिरोजिया और कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक  पी.के.झा उपस्थित थे।

पुरस्कार वितरण

समापन समारोह में हरियाणा के राज्यपाल श्री कप्तानसिंह सोलंकी ने चित्रकला एवं मूर्तिकला प्रतियोगिता के विजेताओं को 51-51 हजार रूपये के चेक एवं प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में चित्रकला में अहमदाबाद के श्री प्रशांत एम.पटेल, आष्टा की श्रीमती अलका पाठक, उज्जैन के श्री जगदीश नागर श्रीमती प्रतिभा सिंह शामिल हैं। मूर्तिकला में श्री नीतेश विश्वकर्मा को पुरस्कृत किया गया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अन्तर्महाविद्यालयीन वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता तथा स्कूली विद्यार्थियों की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया। आभार संस्कृति आयुक्त  राजेश मिश्रा ने माना।

हरियाणा के राज्यपाल ने किये महाकाल के दर्शन

हरियाणा के राज्यपाल  कप्तानसिंह सोलंकी ने अखिल भारतीय कालिदास समारोह के समापन कार्यक्रम के बाद श्री महाकालेश्वर मन्दिर में सदाशिव भगवान महाकाल के दर्शन किये। उन्होंने भगवान महाकाल से देश के विकास एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर विधायक डॉ.मोहन यादव, श्री रूप पमनानी, पूर्व महापौर श्री मदनलाल ललावत, श्रीपाद जोशी तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। दर्शन के बाद नन्दी सभा मण्डप में राज्यपाल श्री सोलंकी को श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के प्रशासक श्री रजनीश कसेरा ने भगवान महाकाल का चित्र, प्रसाद, शाल भेंटकर सम्मानित किया।

 

 

 

Dakhal News 17 November 2016

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.