भोपाल| राजधानी के पुराने भोपाल रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के स्लोप का एक हिस्सा ढह गया। हादसे में 9 लोग घायल हो गए, जिसमें 3 की हालत गंभीर है। 4 को रेलवे और 5 को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भोपाल रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दुःख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है| उन्होंने हादसे की जानकारी मिलते ही तुरंत इस घटना के घायलों की हर संभव मदद व समुचित इलाज के प्रशासन को निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन को घायलों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं| सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा "भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक फुटओवर ब्रिज के एक हिस्से के गिरने से हुआ हादसा बेहद दुःखद। इस हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना।प्रशासन को घायलो के समुचित इलाज व हरसंभव मदद के निर्देश।
पीडब्लूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी हादसे को दुखद बताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है| मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने अपने ट्वीट में लिखा "भोपाल रेलवे स्टेशन पर आज सुबह हुए हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना मिली। मैं ईश्वर से सभी के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घायलों को उपचार के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पूरी सहायता दी जाएगी।