मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज कई जगह बारिश के साथ गिरे ओले
bhopal,  Changes in weather , Madhya Pradesh, rain fell
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश का मौसम शुष्क रहने के साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। यह बढ़ोतरी अब थमने लगी है। वहीं, प्रदेश के कटनी जिले सहित पूर्वी मप्र में शुक्रवार से हल्की बारिश होना शुरू हो गई है। कटनी जिले में हल्के ओले भी गिरे हैं। भिंड में भी बारिश के साथ ओले गिरे। हल्की बारिश का यह सिलसिला 25 फरवरी तक प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में बना रहेगा। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट भी हो सकती है।
 
गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना
मप्र के उत्तर पश्चिमी हिस्से में बने ट्रफ लाइन के कारण बंगाल की खाड़ी से आर्द्र हवाएं मध्य भारत की तरफ ब़ढ़ गई हैं। वहीं, उत्तर भारत में बने पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के कारण भी मप्र के कुछ जिलों के मौसम में बदलाव आ सकता है। आगामी 24 घंटे के दौरान रीवा, शहडोल, संभागों के जिले के साथ टीकमगढ़, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर और भिंड जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी मप्र में आगामी तीन दिन में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। इधर, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस उज्जैन का रिकार्ड किया गया।
 
रुक-रुक कर हो सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 24 फरवरी तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की उम्मीद है। सीधी, सतना, पन्ना, उमरिया और शहडोल में जहां अच्छी बारिश हो सकती है, वहीं दूसरी ओर इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रतलाम, खरगोन, खंडवा, शिवपुरी और ग्वालियर में मौसम शुष्क रहेगा। यानि पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में विपरीत मौसम रहने वाला है। पूर्वी मप्र में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दो दिन तक उत्तर-पश्चिम मप्र के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्घि और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
 
राजधानी में सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक रहा रात का तापमान
इधर, राजधानी में मौसम के बदलते मिजाज के बीच शुक्रवार का मौसम दोपहर तक तेज धूप वाला रहा। वहीं, शाम ढलने के बाद ठंड का अहसास भी हुआ। अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, वहीं न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस ब़ढ़ा है।
 
Dakhal News 22 February 2020

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.