दिग्विजय सिंधिया का गुना के सर्किट हाउस में 24 को होगा मिलन
guna, Digvijay singh, Scindia, meet circuit house
गुना। एक दशक बाद पूर्व केन्द्रीय मंत्री व गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का 24 फरवरी को गुना सर्किट हाउस में मिलन होगा। इन दोनों नेताओं के अलावा इस समय प्रदेश के छह मंत्री भी मौजूद रहेंगे। सिंधिया व दिग्विजय सिंह के आगमन की खबर के बाद कांग्रेसजनों ने अपने-अपने नेता का भव्य स्वागत करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
 
खबर है कि दोनों नेताओं के स्वागत की होड़ में कांग्रेसजनों के बीच शक्ति प्रदर्शन हो सकता है। इन दोनों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा बतौर पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। सौ से अधिक पुलिस अधिकारी व कर्मियों को 24 फरवरी को अलग-अलग ड्यूटी में तैनात किया है। इसकी वजह ये है कि सिंधिया को जेड प्लस की सुरक्षा मिली हुई है। सिंधिया के स्वागत की तैयारियां श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया के नेतृत्व में तेजी से चल रही हैं, इसके साथ ही होडिगों की शहर में बाढ़ सी आ गई है। 
 
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिग्विजय सिंह काफी समय बाद गुना के अल्प प्रवास पर 24 फरवरी को दोपहर सवा बारह बजे आएंगे। यहां आने के बाद पायगा मोहल्ला स्थित सत्येन्द्र तिवारी के निवास और वहां से पौने एक बजे हड्डी मिल बजरंगगढ़ रोड पर अतर खान के निवास पर शोक व्यक्त करने जाएंगे। पूर्व मुयमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह 1.15 बजे सर्किट हाउस जाएंगे जहां वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के  महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट करेंगे। दोपहर दो बजे वे गुना से इंदौर के लिए रवाना हो जाएंगे।
 
सिंधिया दोपहर में आएंगे गुना 
 
पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 24 फरवरी को दोपहर 1 बजे करीब चार घंटे के अल्प प्रवास पर गुना आएंगे। वे आरोन रोड से जयस्तम्भ चौराहा आएंगे, उनको जयस्तंभ चौराहे सर्किट हाउस तक पैदल ले जाया जाएगा। सिंधिया के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सिंधिया दोपहर साढ़े तीन बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद वे शहर के कई क्षेत्रों में जाएंगे। सायं 4.40 बजे गुना से चंदेरी के लिए रवाना होंगे। सिंधिया के आगमन को देखते हुए श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया के नेतृत्व में कांग्रेस जन स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। सिंधिया के स्वागत के लिए कांगे्रेसजनों की बैठक अलग-अलग स्थानों पर चल रही है। 
 
ये मंत्री भी आएंगे गुना 
 
प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री प्रभूराम चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट, महिला बाल विकास मंत्री इमरती देवी, परिवहन मंत्री गोविन्द राजपूत, खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर गुना आएंगे। श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया भी शामिल रहेेंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री प्रभूराम चौधरी 24 फरवरी को सुबह साढ़े नौ बजे भोपाल से चलकर एक बजे गुना आएंगे। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंंत्री इमरती देवी 23 फरवरी को साढ़े तीन बजे गुना आ जाएंगी, 24 फरवरी को यहां रहने के बाद सायं पांच बजे गुना से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगी।
 
सिंधिया के स्वागत के लिए मांडरे ने ली बैठक
 
उधर पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगमन को देखते हुए महिला कांग्रेस ने भी स्वागत की तैयारियों के लिए शनिवार को बैठक की, इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष वंदना मांडरे ने की। उन्होंने महिला नेत्रियों से कहा कि सिंधिया के स्वागत के लिए अधिक से अधिक महिला नेत्रियों को लाएं। 
 
Dakhal News 22 February 2020

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.