ग्वालियर में होगा चार दिवसीय बिटिया उत्सव
gwalior,  Four-day ,Bitiya festival , Minister Imrati Devi ,inaugurate
ग्वालियर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्वालियर में चार दिवसीय बिटिया उत्सव का आयोजन किया जाएगा। लिटरेचर फेस्ट के रुप में होने वाले इस अनूठे आयोजन में साहित्य, सिनेमा, नाटक और लोक रंग की जानी मानी हस्तियां जुटेंगी और आधी आबादी से जुड़े मुद्दों पर बेवाकी से चर्चा करेंगी। आयोजन में पुस्तक मेला, खान पान और हैंडीक्रॉफ्ट के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक सुरेश तोमर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष बिटिया उत्सव का आगाज 5 मार्च को होगा। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ किया जायेगा। जबकि समापन महिला दिवस पर 8 मार्च को किया जाएगा। इस बार पूरा आयोजन जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार व उसके आसपास वाले परिसर में होगा। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस चार दिवसीय बिटिया महोत्सव में साहित्य सिनेमा कला लोकरंग के कई सत्र होंगे और इन क्षेत्रों के विद्वान विशेषज्ञ महिला एवं बाल मुद्दों से जुड़े विषयों पर गहन विचार विमर्श करेंगे। इस आयोजन में इस दफा जाने माने कवि अशोक वाजपेयी, अनामिका, चेतनक्रांति, वीरु सोनकर, नीलेश रघुवंशी को आमंत्रित किया गया है। जबकि कथाकार के तौर पर किरण सिंह, मनीषा कुलश्रेष्ठ, लक्ष्मी शर्मा, ऊषाकिरन खान भी उत्सव में शिरकत करेंगी। जानी मानी सिने निदेशक अविनाश दास व स्वरा भास्कर भी बिटिया उत्सव में आ रहे है। इनके अलावा सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं "औरत होने की सजा" पुस्तक के लेखक अरविंद जैन महिला संबंधी कानूनों पर चर्चा करेंगे। जानी मानी टीवी पत्रकार अमृता राय, प्रकाश के.रे, सर्वप्रिया सांगवान भी इस आयोजन में महिला संबंधी मुद्दों पर चर्चा करेंगी।

नाटक व कला शिविर भी


 बिटिया उत्सव में प्रतिदिन नाटकों का मंचन भी किया जाएगा। इनमें महाश्वेता देवी द्वारा लिखित कहानी रुदाली पर आधारित नाटक का मंचन केजी त्रिवेदी के निर्देशन में होगा। एक अन्य नाटक अगरबत्ती का मंचन भी होगा। इसके लेखक व निर्देशक आशीष पाठक है। दो अन्य नाटक भी उत्सव में होंगे। इसके अलावा आर्ट कैंप में जाने माने चित्रकार शिरकत कर पेंटिंग्स बनाएंगे। उत्सव के अंतिम दिन इन पेंटिंग्स का डिस्प्ले किया जाएगा।

आयोजन नई दिशा देगा


 बिटिया उत्सव इस बार 5 से 8 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी के मार्गदर्शन में इस आयोजन की तैयारियां की जा रही है। उद्घाटन सत्र में उनके अतिरिक्त मध्यप्रदेश की बेटियां पहली फाइटर पायलेट फ्लाइट लेफ्टिनेंट अवनी चतुर्वेदी, दुनिया के सारे महाद्वीपों के सर्वोच्च शिखरों को फतह कर चुकी मेघा परमार भी रहेंगीं। हम इस आयोजन को लिटरेचर फेस्ट के रुप में मना रहे हैं। इसमें महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। उम्मीद है कि यह आयोजन नई दिशा प्रदान करेगा।
Dakhal News 18 February 2020

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.