राजगढ़ कलेक्टर पर एफआईआर दर्ज कराएगी भाजपा कोर्ट की लेगी शरण
bhopal, BJP, file an FIR, Rajgarh Collector
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के समर्थन में रविवार को निकाली जा रही रैली में शामिल भाजपा नेताओं की पिटाई करने वाली राजगढ़ कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगी। इसके लिए भाजपा कोर्ट जाएगी। घटना का जायजा लेने के लिए भाजपा का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को सुबह राजगढ़ के लिए रवाना हो गया है। घटना के संबंध में थाने में आवेदन दिया जाएगा। यदि पुलिस मामला दर्ज नहीं करती है तो भाजपा कोर्ट की शरण लेगी। इधर कांग्रेस ने इस घटना के लिए भजापा को ही जिम्मेदार ठहराते हुुए महिला अधिकारियों के साथ दुव्र्यवहार के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस-भाजपा की लड़ाई में फिलहाल अधिकारियों पर गाज गिरना टल गया है।

बता दें कि राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भाजपा नेताओं द्वारा सीएए के समर्थन में रैली निकाली जा रही थी। प्रशासन ने धारा 144 लगा दी। भाजपा नेता हाथ में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। इसी दौरान भारी पुलिस बल की मौजूगी में कानून-व्यवस्था संभालने के लिए कलेक्टर निधि निवेदिता और डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। भीड़ नारेबाजी कर रही तभी प्रिया वर्मा ने भाजपा नेता की मारपीट की। इसके बाद कलेक्टर ने भी भाजपाईयों पर हाथ साफ किए। इसके बाद हालात बेहद खराब हुए। अफसरों द्वारा की गई मारपीट के तत्काल वीडियो वारयल हो गए। मारपीट की इस घटना की प्रशासनिक अधिकारी भी दबी जुवान से निंदा कर रहे हैं। हालांकि शासन ने अभी इस मामले में कोई एक्शन नहीं लिया गया है। इधर भाजपा ने राजगढ़ पिटाई कांड को लेकर बड़े आंदेालन की तैयारी कर ली है। पूर्व मंत्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में विधायक ऊषा ठाकुर, जीतू जिराती, वंशी लाल गुर्जर का प्रतिनिधि मंडल राजगढ़ पहुुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने विदेश में मांगी रिपोर्ट


मुख्यमंत्री कलमनाथ लंदन में हैं। घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने पूरी रिपोर्ट मांगी। उन्होंने तत्काल एक्शन के निर्देश दिए। बताया गया कि मंत्रालय के शीर्ष अफसरों ने मामले को संभाल लिया है। जिसकी वजह से फिलहाल राजगढ़ की घटना को लेकर किसी भी बड़े अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होगी। ज्यादा विरोध होने पर पुलिस एवं प्रशासन के कुछ अधिकारी एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई हो सकती हैै।

जेपी नड्डा ने मांगी रिपोर्ट


राजगढ़ की घटना को लेकर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को सुबह रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह से भी इस संबंध में चर्चा की है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भी हाईकमान को घटना से अवगत कराया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का आज चुनाव हो रहा है। नड्डा अभी कार्यकारी अध्यक्ष है। उनका अध्यक्ष बनना तय है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सीएए के समर्थन में रैली करने और राजगढ़ के पार्टी नेताओं से मिलने के लिए नड्डा सबसे पहले मप्र का दौरा कर सकते हैं।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्याक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यह लोकतंत्र का काला दिन है। हाथ में तिरंगा लेने और भारत माता की जय बोलने पर कलेक्टर ने मारा है। भाजपा पुलिस में आवेदन देकर अफसरों पर एफआईआर दर्ज कराएंगे। यदि नहीं हुई तो प्रमाण लेकर कोर्ट जाएंगे। मुख्यमंत्री बताएं कि क्या ऐसे आदेश उन्होंने दिए हैं।
Dakhal News 20 January 2020

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.