Dakhal News
26 March 2024
राहुल गांधी को विरोधी पप्पू कहकर पुकारते हैं। सोशलमीडिया पर इसी नाम के साथ कांग्रेस उपाध्यक्ष का मजाक उड़ाया जाता है। बहरहाल, इसी शब्द का इस्तेमाल करने पर अब एक कांग्रेस कार्यकर्ता को पार्टी से बाहर कर दिया गया है। खास बात यह है कि मेरठ के उस कार्यकर्ता ने राहुल की तारीफ करते हुए 'पप्पू' शब्द का इस्तेमाल किया था।
मामला यूपी के मेरठ का है। मेरठ जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनय प्रधान ने किसानों के हक में आवाज उठाने के लिए मंदसौर का दौरा करने पर राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा - उन्होंने अपने हित से पहले राष्ट्र के हित का ख्याल रखा। पप्पू चाहते तो अडाणी, अंबानी और माल्या से हाथ मिला सकते थे, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। वो मिनिस्टर या यहां तक कि प्राइम मिनिस्टर भी बन सकते थे, लेकिन वे उस रास्ते पर नहीं गए। इसके बजाए उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालते हुए मंदसौर जाने का फैसला किया।
विनय प्रधान का यह संदेश पढ़ने के बाद पार्टी आलाकमान हरकत में आ गया। कांग्रेस में अनुशासन समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण द्विवेदी ने तुरंत एक लेटर जारी कर प्रधान को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया। लेटर में लिखा गया कि यह पार्टी नेतृत्व को नीचा दिखाने की कोशिश है। लगता है कि विरोधी दलों के इशारे पर ऐसा हुआ।
वहीं प्रधान का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा था। बकौल प्रधान, यह एकतरफा कार्रवाई है। मुझे अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया गया।
Dakhal News
14 June 2017
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.
Created By: Medha Innovation & Development
|