कमजोरी को ताकत बना रहे हैं मोदी
शिवराज सिंह चौहान

शिवराज सिंह चौहान

आज हमारे लिए गर्व का दिन है। आज हमारे देश के प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने सफल तीन वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। मैं इसे गर्व करने का दिन इसलिए कह रहा हूँ कि आज से तीन वर्ष पूर्व जब देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी जी के हाथों में देश का नेतृत्व सौंपा था, तो जनता की आँखों में बहुत सारे सपने थे। आज सरकार उन सभी सपनों को पूरा करने की ओर बढ़ रही है। जनता ने जितनी उम्मीद से मोदी जी पर भरोसा जताया था, उससे कहीं ज्यादा उन्होंने उस भरोसे को पूरा करके दिखाया है। पहली बार देश को एक ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जो हमारी विविधताओं, जिसे हमारी कमजोरी माना जाता था, उसे एक ताकत के रूप में तब्दील कर रहा है। इस अवसर पर मैं आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी को हार्दिक बधाई देता हूँ।

श्री नरेन्द्र मोदी जी ने इन तीन वर्षों में अपने ईमानदार, दूरदर्शितापूर्ण, साहसिक और कई बार क्रांतिकारी निर्णयों से एक समृद्ध, खुशहाल और सशक्त भारत का निर्माण किया है। उनके प्रयासों से विश्व में एक भरोसेमंद 'ब्राण्ड इंडिया' की स्थापना हुई है। पूरी दुनिया में एक शक्ति के रूप में भारत का उदय हुआ है। मोदी सरकार ने एक भरोसेमंद और मजबूत सरकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है। मोदी सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना के साथ देश की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली थी, उसी के अनुरूप आज सरकार ने देश में सभी वर्गों के सशक्तिकरण के लिए बेहतर योजनाएं बनाई हैं और उनका सफल क्रियान्वयन भी किया है।

आज तीन वर्षों के अल्प समय में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भारत को विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में पहचान दिलाने में सफलता प्राप्त की है। विश्व की सभी आर्थिक एजेंसियों ने भारत के विकास पर आश्चर्य व्यक्त किया है। आईएमएफ ने भारत की आर्थिक विकास दर को इस वित्तीय वर्ष में 7.2 प्रतिशत और आगे के वर्षों में 7.7 प्रतिशत या उससे अधिक रहने का अनुमान व्यक्त किया है। विश्व बैंक ने भी कहा है कि भारत की विकास दर 7.6 से 7.8 प्रतिशत के बीच रह सकती है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम द्वारा जारी ग्लोबल कॉम्पेटिटिवनेस इंडेक्स में भी भारत ने 16 स्थानों की बढ़त हासिल की है। ब्राण्ड फाइनेंस के अनुसार भारत दुनिया का सातवां सबसे मूल्यवान राष्ट्र है। 'भारत की नेशन ब्राण्ड वेल्यू' में 32 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि देखने को मिली है। एक ओर जहां चीन, जर्मनी और कनाडा की ब्राण्ड वेल्यू नकारात्मक रही है, वहीं भारत ग्रोथ में सबसे आगे हैं। थोक कीमत सूचकांक पर आधारित महंगाई दर में कमी आयी है। ग्लोबल एफडीआई कान्फिडेंस इंडेक्स में भारत एक ऐसी अच्छी स्थिति में पहुंच गया है, जहां इन्वेस्टर्स ने कहा है कि भारत की छवि प्रगतिशील और भरोसा दिखाने के लायक है। अन्तर्राष्ट्रीय आर्थिक एजेंसी नोमुरा ने भी कहा है कि इस साल की शुरूआत से घरेलू रुपया अन्य उभरते बाजारों के अनुरूप मजबूत हुआ है।

श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को वैश्विक नेतृत्व प्रदान करने वाले देश के रूप में स्थापित किया है। इसी माह मई 2017 में भारत ने सार्क देशों के लिए दक्षिण एशिया उपग्रह 'जीसैट-9' लाँच कर भारत के पड़ोसी देशों को एक उपहार दिया है। इसके माध्यम से मोदी जी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 'सबका साथ-सबका विकास' की भावना को अभिव्यक्त किया है। यह भागीदारी करने वाले देशों को सुरक्षित हॉटलाइन मुहैया कराएगा, जो भूकंप, चक्रवात, बाढ़ और सूनामी जैसी आपदाओं के प्रबंधन में मददगार होगा। भारतवासी जो विदेशों में रहते हैं, आज अपने भारतीय होने पर गौरव का अनुभव कर रहे हैं। श्री नरेन्द्र मोदी जी ने दुनिया के किसी भी देश में रहने वाले भारतीय के मुश्किल में आने पर उनकी मदद की है। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि यूक्रेन से 1100, लीबिया से 3750, यमन से 6710, ईराक से 7,200 और साउथ दक्षिण सूडान से 163 संकटग्रस्त भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत पहुंचने में सरकार ने मदद की है।

मोदी सरकार ने तीन वर्ष में भारत के हर वर्ग, गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं, बच्चें, युवा और निःशक्त सभी के कल्याण के कार्य किये हैं, जिन्हें यहाँ कम शब्दों में बयाँ करना असम्भव है। स्किल डेवलपमेंट की एक विस्तार योजना तैयार की गयी है, जो हमारे युवा शक्ति के हुनर को बढ़ावा देगी। 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के सपने को साकार करने में मध्यप्रदेश एक अहम् भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दुगुना करने का जो संकल्प लिया है, उसे साकार करने के लिए हम अथक प्रयास कर रहे हैं। मैं पुनः आदरणीय मोदी जी को तीन वर्ष के सफलतम कार्यकाल के लिए बधाई देता हूँ और आने वाले समय के लिए मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ। मैं उन्हें इस बात के लिए आश्वस्त करता हूँ कि हम उनके हर विचार और कार्यक्रम में उनके साथ हैं। हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में आदरणीय मोदी जी देश को एक सर्व शक्तिमान वैश्विक ताकत के रूप में स्थापित करने में सफल होंगे। यही होगा हमारा नया इंडिया। जयहिन्द।(ब्लॉगर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं)

 

Dakhal News 26 May 2017

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.