MP/ शिवराज की बुधनी में कांग्रेस की चौपाल
शिवराज की बुधनी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरने के लिए अब कांग्रेस ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में चौपाल लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। अगले महीने चिलचिलाती धूप में कांग्रेस के कई नेता बुधनी में नजर आएंगे। यहां पर वे लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उन समस्याओं को हल करवाने के लिए बाद में राज्यपाल को ज्ञापन देंगे।

कांग्रेस ने तय किया है कि वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनके क्षेत्र में ही घेरेगी। इसकी शुरूआत दो मई से की जा रही है। दो मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह सहित कांग्रेस के करीब आधा दर्जन विधायक और प्रदेश एवं सीहोर जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी बुधनी जाने वाले हैं। यहां पर वे एक चौपाल लगाएंगे।

चौपाल में जनता को बुलाने के लिए आज से ही प्रचार-प्रसार शुरू किया जा रहा है। चौपाल में बुधनी और उसके आसपास के गांव के लोगों को बुलाया जाएगा। इसमें शामिल होने वाली जनता से उसकी परेशानी पूछी जाएगी। इन परेशानी को सुनने के बाद कांग्रेस इसके हल के लिए सरकार पर दबाव बनाऐगी। इसके अलावा यदि जरुरत हुई तो राज्यपाल को भी ज्ञापन दिया जाएगा। इसके अलावा आने वाले दिनों में कांग्रेस अपनी सभाओं में भी मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र की परेशानियों को सार्वजनिक करेगी।

मुख्यमंत्री को उनके क्षेत्र में जाकर घेरने की रणनीति नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने बनाई है। वे मुख्यमंत्री को उनके क्षेत्र में ही घेरने में हमेशा सक्रिय रहे हैं। अपने पिछले नेता प्रतिपक्ष के कार्यकाल में भी उनके ही कहने पर कांग्रेस के दिग्गज वर्ष 2012 में बुधनी विधानसभा क्षेत्र के नसरुल्लागंज में जमा हुए थे। यहां पर कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, सिंधिया और मोहन प्रकाश  ने सभा की थी।

 

Dakhal News 26 April 2017

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.