मूलमंत्र भूल जाते है और तंत्र हावी होने लगता है
gwalior  भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति

ग्वालियर में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक 

अमिताभ उपाध्याय 

ग्वालियर में प्रदेश कार्यसमिति की शुरुआत से पहले ही सरकार ने बालाघाट में संघ प्रचारक पिटाईकांड के आरोपी एएसपी को सस्पेंड करके सख्त संदेश दिया है कि ब्यूरोक्रेसी को जनप्रतिनिधियों पर हावी नहीं होने दिया जाएगा।इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मिशन 2018 के एजेंडे के हिसाब से चली।बालाघाट में हुई संघ प्रचारक सुरेश यादव की पिटाई का मामला गर्मा गया। कार्यसमिति में जमा हुए पार्टी के मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने मीडिया से बातचीत में एक स्वर से इस घटना की निंदा की। पार्टी नेताओं के सुरों को देखते हुए गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बैठक के पहले एडीशनल एसपी को सस्पेंड करने का ऐलान करते हुए कहा कि इस मामले में सरकार गंभीर है। आज प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक शुरू होने के पहले ही संघ प्रचारक की पिटाई को लेकर भाजपा नेताओं ने इसे बेहद निंदनीय बताया। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने ग्वालियर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस मामले में किसी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों के गैरजिम्मेदाराना कृत्य को लेकर पूरी नौकरशाही पर सवाल नहीं खड़े किए जा सकते।  

बीजेपी  के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आहवान किया है कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी पर अपने व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन में सेवा का संकल्प धारण करे, पीड़ित, शोषित, दलित और वास्तविक जरूरतमंदो के लिए सेवा प्रकल्पों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। पार्टी प्रदेश कार्यसमिति के शुभारंभ सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुये उन्होने पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके विचारों की सामयिक उपादेयता को प्रभावी तरीके से रेखांकित किया। 

दो दिनी कार्यसमिति का शुभारंभ ग्वालियर के  प्रगति विद्या पीठ में हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  प्रभात झा, पूर्व मुख्यमंत्री  कैलाश जोशी, राष्ट्रीय महासचिवव  कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज मंत्री  नरेन्द्रसिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  नंदकुमारसिंह चौहान, महामंत्री संगठन  सुहास भगत, राष्ट्रीय सचिव  ज्योति धुर्वे मंचासीन थे।  

बैठक में  राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने प्रदेश भर से आये प्रतिनिधियों के समक्ष पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और उनके द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानव दर्शन को बहुत ही सरल और सुबोध भाषा में प्रस्तुत किया। उन्होने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने सार्वजनिक जीवन में मूल्य विवेक, आचार संहिता, वैचारिक प्रतिबद्धता और नीति निर्माण को जिस प्रखरता के साथ प्रतिष्ठित किया है वह अद्वितीय है। डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने विस्तार से बताया कि कैसे इन मूल्यों के साथ उन्होने भारतीय जनसंघ को देश की संसदीय राजनीति में स्थापित किया। 

सहस्त्रबुद्धे ने प्रतिनिधियों के समक्ष साफगोई से कहा कि मौजूदा दौर में जब बाहरी आवरण सामाजिक रूप में प्रतिष्ठित होता है, तब हम अपना मूलमंत्र भूल जाते है और तंत्र हम पर हावी होने लगता है। इसलिये भाजपा में कार्यरत प्रत्येक कार्यकर्ताओं को पंडित जी के बताये सहजता, सादगी और सेवा के मूलमंत्र को नहीं भूलना चाहिये। उन्होने इसके लिये व्यक्तिगत अध्ययन पर जोर देते हुये कहा कि आज अध्ययनशीलता सार्वजनिक जीवन से कम हो रही है। इसलिये कथनी और करनी में फर्क महसूस किया जाता है। उन्होने आव्हान किया कि सभी कार्यकर्ता वैचारिक रूप से मजबूत बनने का प्रयास करें। ताकि सामाजिक रूप से वें देश के लिये उपयोगी साबित हो। 

इससे पूर्व  नंदकुमारसिंह चौहान ने नवीन कार्यसमिति की बैठक में पधारे प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुये कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को पार्टी ने कार्यसमिति में स्थान दिया है उन्हें पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने की आवश्यकता है। श्री चैहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में पार्टी संगठन दीनदयाल जन्मशती वर्ष लोककल्याण वर्ष के रूप में मनायेगा। उन्होने कहा कि मध्यप्रदेश में सत्ता और संगठन के आपसी समन्वय से पूरे देश में लोककल्याण वर्ष के रूप में बेहतर काम करके उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि दीनदयाल जन्मशती वर्ष के दौरान ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के कार्यकाल को 11 वर्ष 29 नवम्बर को पूर्ण होने जा रहे है। 29 नवबर से ही सेवा पखवाडा पूरे मध्यप्रदेश में ग्राम स्तर तक आयोजित होगा।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आज पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया गया। 19 बिंदुओं वाले प्रस्ताव पर समग्रता से चर्चा की गयी। राजनैतिक प्रस्ताव प्रदेश महामंत्री  अजयप्रताप सिंह ने प्रस्तुत किया। प्रस्ताव का समर्थन प्रदेश उपाध्यक्ष अरविन्द भदौरिया, विधायक  प्रदीप लारिया ने किया। प्रस्ताव पर चर्चा कर सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। राजनीतिक प्रस्ताव में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा विकास और जनकल्याण के मोर्चे पर जारी कार्यों की सराहना भी की गई है।

इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह ने साफ किया है कि सरकार में 75 से ज्यादा उम्र वालों को आराम देने का पार्टी ने कोई नियम नहीं बनाया है। यह पार्टी और मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है कि वे किसे रखें, किसे नहीं। 

भाजपा में गुटबाजी को सिरे से नकारते हुए वे बोले कोई गुटबाजी नहीं है, सब एक हैं। कैलाश विजयवर्गीय, सरताज सिंह व बाबूलाल गौर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए बुलाया है। पार्टी से बाहर गए लोगों की वापसी और बाहर से आए लोगों को बड़े पदों से नवाजे जाने पर उनका कहना था जो उनसे जुड़ेगा उसे अवसर मिलेगा।

 

Dakhal News 28 September 2016

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.